Home » Blog » कोटद्वार पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सरकार पर जमकर बोला हमला

कोटद्वार पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सरकार पर जमकर बोला हमला

by anjita rana
 
कोटद्वार। कांग्रेस नेता और प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्यों के पूरी तरह से ठप हो जाने के कारण पूरे राज्य में निराशा का माहौल बना हुआ है। बुधवार को कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि लालढांग चिलरखाल मोटर मार्ग और पाखरो में टाइगर सफारी के निर्माण पर लगी रोक को हटाने के लिए सरकार पैरवी नहीं कर पा रही है, जिसका सीधा नुकसान जनता को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजाजी नेशनल पार्क और जिम कॉर्बेट पार्क को जोड़ने वाला शहर कोटद्वार सरकार की नाकामी के चलते विकास की दौड़ में काफी पीछे छूट गया है। कहा कि जब पिछली भाजपा सरकार में वे वन मंत्री थे तो उन्होंने केंद्र से पाखरो में टाइगर सफारी स्वीकृत कराई थी लेकिन अब ये प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया है। कोटद्वार विधायक को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस नेता डॉ हरक सिंह रावत ने कहा कि केवल रोजगार मेले लगाने से युवाओं को कोई फायदा मिलने वाला नहीं है बल्कि दूरदराज से आने वाले युवाओं को इससे आर्थिक नुकसान ही होगा। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, महिला जिलाध्यक्ष रश्मि पटवाल, पूर्व विधायक शैलेन्द्र रावत, मनवार आर्य, बलबीर सिंह रावत, गुड्डू चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।