Home » Blog » रूद्रप्रयाग पहुंचे मंत्री सौरभ बहुगुणा, गुप्तकाशी में किया जनसपंर्क, भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का किया आह्वान

रूद्रप्रयाग पहुंचे मंत्री सौरभ बहुगुणा, गुप्तकाशी में किया जनसपंर्क, भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का किया आह्वान

by anjita rana

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के सबसे युवा कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा रुद्रप्रयाग जनपद भ्रमण पर हैं। वह यहां पर लगातार लोगों से मिलकर उनसे भाजपा से जुड़ने का आह्वान कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज शुक्रवार को मंत्री बहुगुणा ने लोगों की समस्याएं सुनीं और महिलाओं के बीच भाजपा की नीतियों का बखान किया।

कैबिनेट मंत्री ने गुप्तकाशी के नागजगई में जनसंपर्क अभियान चलाया और लोगों से “विकसित भारत, विकसित उत्तराखंड” के संकल्प के तहत भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान जनता ने अपनी विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। सौरभ बहुगुणा द्वारा कई समस्याओं का समाधान भी मौके पर ही खोजा गया।

बहरहाल, इसके बाद वह मंदाकिनी महिला बुनकर समिति द्वारा द हंस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित निटिंग प्रशिक्षण केंद्र, लमगौंडी पहुंचे। जहां उन्होंने जनसंपर्क किया और विशेष रूप से महिलाओं से बातचीत की। युवा मंत्री ने हैंडलूम कार्यों के लिए महिलाओं का प्रोत्साहन किया।

साथ ही उन्होंने मातृशक्ति को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों से महिलाओं को अवगत कराया। गौरतलब है कि सौरभ बहुगुणा रुद्रप्रयाग जनपद के प्रभारी मंत्री भी हैं।